PURE BHAKTI ARCHIVE
Subscribe to the Daily Harikatha & Short Videos in Hindi & English @Gaudiya Rasamrita

Sri Bhajana Rahasya (10): How to Attain Bhava

52:16
#446
Govardhana
Lecture
Hindi
Srila Gurudeva 60%
Good

This audio is included in the following series of lectures:

Topics

  • What is Bhakti-Abhasa
  • Definition of bhava and how to attain bhava-avastha.
  • Explanation of asta-yama-lila.
  • Explanation of suddha-sattva-visesatma.
  • Main svaurpa of Radharani.
  • Explanation of Vardana, Darsana, Antah-karana.

Transcript

श्रीभजनरहस्य (10) : भाव की प्राप्ति कैसे करें?

[श्रील भक्तिवेदान्त नारायण गोस्वामी महाराज ने 24 नवम्बर 2004 को गोवर्धन में यह हरिकथा कही थी।
नोट: इस प्रतिलेखन में निम्‍नलिखित सम्पादकीय योगदान हैं: कुछ स्थानों पर भाषा को थोड़ा सम्‍पादित किया गया है, समाप्ति-नोट्स (endnotes) जोड़े गये हैं और विषय-वस्तु के प्रवाह और बोधगम्यता को सुविधाजनक बनाने के लिए वर्गाकार कोष्ठकों (square brackets) में अतिरिक्त पाठ सम्मिलित किया गया है। इसका शाब्दिक-प्रतिलेखन शीघ्र ही उपलब्ध होगा।

यदि आप प्रतिलेखन-सेवा में भाग लेने के लिए प्रेरित हैं, तो कृपया https://www.audioseva.com/register पर पञ्‍जीकरण करें।]

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: श्रीश्रीगुरु-गौराङ्ग और गिरिराज गोवर्धन की कृपा से आज लगभग अट्ठाईस दिन हम लोगों के व्यतीत हो चुके हैं। We have passed 28 days. Now four days [remain:] two days until Purnima and [another two days after Purnima.]

[अब चार दिन शेष हैं, दो दिन पूर्णिमा तक] और पूर्णिमा के बाद दो दिन और रहेंगे। भगवान् की कृपा से अब तक कोई विघ्न-बाधा नहीं आयी है और सभी कार्य अच्छी तरह से चल रहे हैं।

हम लोगों ने श्रील भक्तिविनोद ठाकुर के ‘श्रीभजनरहस्य’ से पञ्चमयाम-साधन को समाप्त किया। ‘षष्ठयाम-साधन’ साधन की दृष्टि से ‘भाव’ है। [साधन की क्रमिक अवस्थाएँ] कौन-कौनसी हैं? सबसे पहले [श्रद्धा, फिर] साधुसङ्ग, भजनक्रिया, अनर्थ-निवृत्ति, फिर?

भक्त: निष्ठा

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: निष्ठा, रुचि, आसक्ति और तब भाव।

वहीं, नित्यलीला की दृष्टि से ‘सन्‍ध्या के पश्चात् छह दण्ड’ अर्थात् ‘सायंकालीन लीला’ का समय है। गोचारण के बाद कृष्ण घर वापस आ गये हैं। उन्होंने स्नान आदि कर लिया है और अब गोदोहन के लिए जानेवाले हैं। इस प्रकार यह कृष्ण की अष्टयामलीला में [‘सायंकालीन लीला’ है।]

यद्यपि हम लोग भजन करते-करते अभी भावावस्था तक नहीं पहुँचे हैं…

Don't think that because we are reading and explaining bhāva, so all are [situated] in this mood. We should not think. We are not in bhāva.

हम लोग अभी भावावस्था में नहीं हैं। हाँ, यह कहा जा सकता है कि हममें श्रद्धा है और कुछ निष्ठा भी आ गयी है। [हो सकता है कि] किसी-किसीके भीतर कुछ रुचि भी हो गयी हो। इसके आगे की [अवस्थाओं] में तो बहुत ही कम लोगों का प्रवेश है। यदि किसीके भीतर रुचि भी आ गयी है, तो समझना चाहिये कि यह उसका परम सौभाग्य है। हाँ, भजनरहस्य आदि के श्रवण से हमारे भीतर एक बात अवश्य स्पष्ट हुई है कि हमारे इष्टदेव कृष्ण नहीं, बल्कि हमारी इष्टदेवी राधिकाजी हैं। उन्हींके चरणों की दासी बनना ही समस्त शास्त्रों का तात्पर्य है। इतना तो…

[At least] we have fixed the aim and object of our life and bhajana, [regardless of] whether we are full of anarthas, lust, or other [impurities.] But this is what we want; this alone [is our aspiration—Rādhā-dāsyam]

[कम-से-कम हमने अपने जीवन और भजन का लक्ष्य और उद्देश्य निश्चित कर लिया है, चाहे हम अनर्थों, काम-वासनाओं अथवा अन्य अशुद्धियों से कितने ही युक्त क्यों न हों। किन्‍तु हमारी इच्छा तो यही है; हमारी एकमात्र आकांक्षा यही है—राधा-दास्यम्]

राधाजी की दासी [बनना ही हमारा एकमात्र प्रयोजन है। भले ही कोई] कितना भी [अनर्थों से युक्त क्यों न हो, अथवा] कोई कैसा भी हो, [किन्‍तु यही हमारा परम लक्ष्य और जीवन की एकमात्र अभिलाषा है।]

तो जिसकी भावावस्था उपस्थित हुई है, जिसके हृदय में रति उत्पन्न हो गयी है, उसके कुछ बाह्य-लक्षण बतला रहे हैं।

शुद्धसत्त्वविशेषात्मा प्रेमसूर्यांशु साम्यभाक्।
रुचिभिश्चित्तमासृण्यकृदसौ भाव उच्यते॥
-श्रीभक्तिरसामृतसिन्‍धु (1.3.1)

[प्रेमसूर्य का (जो) किरण-स्थानीय विशुद्धसत्त्वस्वरूप है, (और) रुचि के द्वारा चित्त को जो तत्त्व द्रवीभूत करता है, उसको ही ‘भाव’ कहते हैं।] IGVP

क्या तात्पर्य है? शुद्धसत्त्व क्या वस्तु है? शुद्धसत्त्व राधाजी का भाव है। कृष्ण की सेवा करने की जो परिपाटी राधाजी में है, वही साधकों के हृदय में सञ्चरित होती है। तब समझना चाहिये कि यह भाव-अवस्था है।

उस समय प्रेम के जितने भी आभास और उसके लक्षण हैं, वे सभी हृदय में सञ्चरित होने लगते हैं। इस अवस्था में साधक का जैसा साधन होगा, उसीके अनुसार उसकी सिद्धि अर्थात् वस्तुसिद्धि होगी। एक प्रकार से रति, शुद्धसत्त्व अथवा भाव—ये सभी प्रेम के आभास हैं। इसलिये ‘शुद्धसत्त्वविशेषात्मा’ क्या है? सन्धिनी के ऊपर, ह्लादिनी और सम्‍वित् का भाव। सम्‍वित् का अर्थ यहाँ तत्त्वज्ञान से नहीं है, बल्कि राधाजी की कृष्ण के प्रति जो सेवा-भावना है, वही यहाँ [अभिप्रेत है।] ह्लादिनी और सम्‍वित् के सार को ही भक्ति कहते हैं। यही राधाजी का मूल स्वरूप है।

‘प्रेमसूर्यांशु साम्यभाक्’ — यदि प्रेम को सूर्य माना जाये, तो रति अथवा भाव को क्या माना जायेगा?

श्रीपाद माधव महाराज: किरण (8:33 अस्पष्ट)

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: प्रेमसूर्यांशु अर्थात् [प्रेमरूपी सूर्य की] किरण और साम्यभाक् अर्थात् उसके समान [स्वरूपवाला।] इसलिये [यह अवस्था प्राप्त करना] सहज नहीं है।

जिस [साधक के हृदय में यह भाव] उत्पन्न हो गया, [समझना चाहिये कि वह अपने लक्ष्य के] अत्यन्त निकट पहुँच गया है। इसलिये हम लोगों को निरन्तर साधन-भजन करते रहना चाहिये। यदि किसी साधक के हृदय में भाव उत्पन्न हो गया है, तो वह व्यक्ति [बाह्य रूप से] चञ्चल हो जायेगा, [और सामान्य अवस्था की तरह] स्थिर नहीं रह पायेगा। उसके भीतर अष्ट-सात्त्विकभाव प्रकट होने लगेंगे और हृदय में प्रेम की हिलोरें उठने लगेंगी।

नयनं गलदश्रुधारया वदनं गद्‌गद्‌-रुद्धया गिरा।
पुलकैर्निचितं वपुः कदा तव नामग्रहणे भविष्यति॥
-श्रीशिक्षाष्टकम् (6)

[प्रभो! आपके नाम ग्रहण करते समय मेरे नयन अश्रुधारा से, मेरा मुख गद्‍गद वाणी से और मेरा शरीर पुलकावलियों से कब व्याप्त होगा?] GVP

श्रीचैतन्य महाप्रभु कहते हैं। यहाँ महाप्रभुजी स्वयं साधक-भाव से कह रहे हैं। यद्यपि वे स्वयं व्रजेन्द्रनन्दन और अखिलरसामृतसिन्धु हैं, किन्तु हम लोगों [को शिक्षा देने के लिए वे साधक-भाव से] कहते हैं— ‘‘आह! मुझे तो प्रेम हुआ नहीं। मेरे हृदय में कृष्ण के प्रति प्रेम नहीं है। कब मेरी ऐसी दशा उपस्थित होगी? ‘नयनं गलदश्रुधारया’ — [कब मेरी आँखों से] निरन्तर अश्रुओं की धारा प्रवाहित होने लगेगी? ‘वदनं गद्गदरुद्धया गिरा’ — कब मेरा कण्ठ गद्गद हो जायेगा [और वाणी] रुद्ध हो जायेगी?”

जैसे महाप्रभुजी [जगन्नाथजी का नाम लेते समय भावावेश में गद्गद हो जाते थे और] जगन्नाथ नहीं बोल करके ‘जज’ ‘गग’ करते थे।

“कब वह अवस्था होगी? ‘पुलकैर्निचितं वपुः कदा’ — [कब मेरा शरीर] रोमाञ्च से [व्याप्त] हो जायेगा? जब भी मैं [कृष्ण का] नाम लूँ, मेरी ऐसी दशा हो जाये।”

ये सब भी क्या हैं? ये [भाव के] बाह्य लक्षण हैं। अन्तर-लक्षणों का वर्णन करना तो अत्यन्त कठिन है। ये सब बाह्य-लक्षण हैं।

प्रेमधन बिना व्यर्थ दरिद्र जीवन!
‘दास’ करि’ वेतन मोरे देह’ प्रेमधन!!’’
-श्रीचैतन्यचरितामृत अन्‍त्यलीला (20.37)

[प्रेमधन के बिना दरिद्र जीवन व्यर्थ है। प्रभो! आप मुझे सेवक के रूप में ग्रहणकर वेतन के रूप में अपना प्रेमधन प्रदान करें!!] IGVP

श्रीचैतन्यचरितामृत में [‘नयनं गलदश्रुधारया’ श्लोक का] यह अनुवाद किया है। यदि हमारे पास कृष्ण के प्रति प्रेमरूपी धन नहीं है, [तो हमारा जीवन दरिद्र है।] प्रेम नहीं होने पर भी यदि भाव नहीं है, [तो भी हमारा जीवन दरिद्र है], प्रेम तो बहुत ऊँची अवस्था है; यदि अभी हमारे हृदय में भाव अर्थात् रति भी उत्पन्न नहीं हुई है, तो उसके बिना भी हमारा यह जीवन दरिद्र है।

हे प्रभु! आप मुझे अपना दास बना लीजिये और उसके वेतन के रूप में मुझे प्रेमरूपी धन प्रदान कीजिये। इस प्रकार की प्रार्थना श्रीचैतन्य महाप्रभुजी स्वयं कर रहे हैं।

You should explain. Can you? You?

[11:45-23:25 तक किसी भक्त द्वारा अंग्रेजी भाषा में अनुवाद…]

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: संक्षेप में, भाव की व्याख्या तो की ही गयी है। इसके अतिरिक्त श्रीभक्तिरसामृतसिन्धु में भी भाव की व्याख्या दी गयी है। भाव क्या है?

प्रेम्णस्तु प्रथमावस्था भाव इत्यभिधीयते।
सात्विकाः स्वल्पमात्रा स्युरत्तापाश्रुपुलकादयः॥
-श्रीभक्तिरसामृतसिन्धु (1.3.2)

[प्रेम की प्रथमावस्था का नाम भाव है। भावावस्था में पुलक, अश्रु, कम्पादि सात्विकभाव स्वल्पमात्रा में अर्थात् धूमायित रूप में उदित होते हैं।] GVP

प्रेम की प्रथम अवस्था का नाम भाव है। पहले हमने [भाव को प्रेम का] आभास बतलाया था, उसका भी यही तात्पर्य है। प्रेम की प्रथम अवस्था का नाम भाव है। भावावस्था में पुलक, अश्रु, कम्प आदि अष्टसात्विक भाव थोड़ी-थोड़ी मात्रा में अर्थात् धूमायित रूप में रहते हैं।

प्रेमेर प्रथमावस्था भाव नाम तार।
पुलकाश्रु स्वल्प हय सात्विक विकार।।

श्रील भक्तिविनोद ठाकुरजी बता रहे हैं— भाव का दूसरा नाम रति है। यही भाव अथवा रति, पूर्ण विकसित होनेपर भक्तिरूप प्रेम का अंकुर माना गया है। यदि भक्ति पूर्णरूप से विकसित है, तो भाव को उसका अंकुर समझो। भाव अंकुर है और प्रेमभक्ति विकसित स्वरूप है।

शुद्धसत्त्वविशेषस्वरूप, प्रेमरूप सूर्य की किरण-सदृश तथा रुचि के द्वारा चित्त को आर्द्र करनेवाले कृष्ण-अनुशीलन को भाव कहते हैं। शुद्धसत्त्व [के विषय में हम पहले] बता चुके हैं। शुद्धसत्त्व राधिकाजी का विशेष भाव है। यह सन्‍धिनी के ऊपर ह्लादिनी और सम्‍वित्-शक्ति का सार है। सन्‍धिनी हम लोगों का हृदय है अर्थात् जीव का भाव है। जब उसके ऊपर ह्लादिनी और सम्‍वित् के भाव मिलित रूप से प्रकाशित होते हैं, अर्थात् जब प्रेमरूपी सूर्य की किरण-सदृश अल्प-अल्प मात्रा में प्रकाशित होता है, तब ऐसे अनुशीलन अथवा साधन को भाव कहते हैं।

श्रील विश्वनाथ चक्रवर्ती ठाकुर ने इस श्लोक की टीका में लिखा है—पूर्वोक्त साधनभक्ति जब भाव को उद्देश्य [करके की जाये अर्थात्] जब भाव की प्राप्ति के लिए साधन किये जाते हैं, उस समय रुचि (भगवत्-प्राप्ति की आनुकूल्य अभिलाषा और सौहार्द-अभिलाषा) के द्वारा चित्त की आर्द्रता सम्पादन करनेपर उसे भावभक्ति कहते हैं।

क्या तात्पर्य है? पूर्वोक्त साधनभक्ति जब भाव के लिए [की जाये—]

कृतिसाध्या भवेत् साध्यभावा सा साधनाभिधा।
नित्यसिद्धस्य भावस्य प्राकट्यं हृदि साध्यता॥
-श्रीभक्तिरसामृतसिन्‍धु (1.2.2)

[साध्य (साधनीय) भावभक्ति जब इन्द्रियों के द्वारा साधित होती है, तब उसे ‘साधन-भक्ति’ कहते हैं। भक्ति ही जीव का नित्यसिद्ध भाव है, उसे हृदय में प्रकट अवस्था में लाने का नाम ही ‘साध्यता’ (साधनयोग्यता) है।] IGVP

हम लोग जो पूर्वोक्त साधन-भक्ति कर रहे हैं, जब वह भाव-भक्ति को लक्ष्य करके करते हैं, तब रुचि के द्वारा [उसका चित्त आर्द्र होने लगता है।] यहाँ रुचि का अर्थ है—भगवत्-प्राप्ति की आनुकूल्य अभिलाषा जो रागात्मिका-भक्ति में होती है तथा सौहार्द्र अभिलाषा। सौहार्द्र अर्थात् ममता। उस समय ममता पूर्णरूप में होगी। उस समय वैसी सौहार्द्र अर्थात् ममता करने की इच्छा उसके भीतर रहती है। [जब इस रुचि और ऐसी भावना के द्वारा] चित्त आर्द्र हो जाता है, तब उसे भाव-भक्ति कहते हैं। उसका स्वरूप है—शुद्धसत्त्वविशेषात्मा।

शुद्धसत्त्व कहने से भगवान् की स्वरूपशक्ति की स्वप्रकाश सम्‍वित्-वृत्ति [का बोध होता है।] ‘शुद्धसत्त्वविशेष’ पद से स्वरूपशक्ति की दूसरी महाशक्ति, अर्थात् श्रीराधिका की ह्लादिनी शक्ति का बोध होता है। इस प्रकार इसमें सम्‍वित् और ह्लादिनी—दोनों शक्तियों का सार सम्मिलित है।

इससे ‘शुद्धसत्त्वविशेष’ में उक्त ह्लादिनी की सर्वोच्चावस्था महाभाव भी अन्तर्भुक्त है, ऐसा समझना होगा। अतएव सम्‍वित् और ह्लादिनी—इन दोनों शक्तियों के सम्मिलित सारस्वरूप, भगवान् के नित्य-परिकरों के हृदय में तदात्म्य-भाव से अवस्थित अनुकूल इच्छामय परम-प्रवृत्ति को ही शुद्धसत्त्वविशेषात्मा समझना चाहिये। सन्धिनी के ऊपर अर्थात् जीव के स्वरूप के ऊपर, सम्‍वित् और ह्लादिनी—इन दोनों शक्तियों का सार, जो भगवत्-परिकरों [के हृदय में विद्यमान] रहता है, [उसीको शुद्धसत्त्वविशेषात्मा कहते हैं। यह भाव जीव के हृदय में स्वतः उत्पन्न नहीं होता, बल्कि स्वरूपशक्ति के प्रभाव से उसके हृदय में प्रकट होता है। भगवान् के नित्य-परिकरों के हृदय में यह भाव विद्यमान रहता है। उदाहरण के लिए,] सख्यरस में श्रीदाम आदि सखाओं के हृदय में सख्यभाव रहता है। इसी प्रकार वात्सल्यरस में नन्दबाबा और यशोदामैया के हृदय में वात्सल्यभाव रहता है। और गोपियों में [सखियों के हृदय में] कामात्मिका तथा [मञ्‍जरियों के हृदय में] तत्तदभावेच्छामय का भाव विद्यमान रहता है।

इन [सभी नित्य-परिकरों] के हृदय में जो भाव [अर्थात् आनुकूल्य इच्छामय परम-प्रवृति] तदात्म्य-भाव से स्थित है, उसीको शुद्धसत्त्वविशेषात्मा समझना चाहिये। उनके हृदय में यह रहता है। जब उन्हीं [परिकरों की] कृपा से वह भाव [साधक के] हृदय में सञ्चरित होता है, [तब साधक के हृदय में] भाव-भक्ति प्रकट होती है। [नित्य परिकरों के] हृदय में स्थित अनुकूल इच्छामयी परम-प्रवृत्ति को ही शुद्धसत्त्वविशेषात्मा समझना चाहिये।

दूसरे सरल शब्दों में, कृष्ण के नित्य-परिकरों अर्थात् नित्य-प्रियजनों के आधार में स्थित नित्यसिद्ध भाव ही शुद्धसत्त्वविशेषात्मा है। क्या? जैसे नन्दबाबा, यशोदामैया, श्रीदाम, सुबल आदि सखाओं के हृदय में कृष्ण की सेवा करने की तथा गोपियों और मञ्जरियों के हृदय में कृष्ण एवं राधाजी की सेवा करने की जो शुद्ध वासना [एवं अनुकूल सेवा-भावना विद्यमान है,] वही शुद्धसत्त्व है। इन शुद्धसिद्ध महात्माओं अर्थात् भगवान् के नित्य-परिकरों के [हृदय में जो भाव नित्य विद्यमान रहता है,] वही शुद्धसत्त्व है।

[जब साधक] उनके आनुगत्य में रहकर भजन करता है, तब वे अपनी कृपा से अपने हृदय में स्थित उस भाव को जीव के हृदय में सञ्चारित करते हैं। [यह भाव] किस प्रकार सञ्चारित होता है, इसका आगे वर्णन किया जा रहा है। [इस प्रकार जो] भाव-भक्ति साधक के हृदय में सञ्चारित होती है, वह प्रेम-भक्तिरूपी सूर्य की प्रथम किरणों के समान है। इसलिये इसे प्रेमांकुर भी कहा जाता है।

[अब प्रश्न है कि यह भाव साधक के हृदय] में शुद्ध-भक्तों अर्थात् नित्य-परिकरों के माध्यम से कैसे सञ्चारित होगा? उनका अनुगमन करने से सञ्चारित होगा।

भाव का स्वाभाविक कार्य क्या है? भाव का स्वाभाविक कार्य कृष्ण-स्वरूप और कृष्णलीला के स्वरूप को प्रकाश करना है। यहाँ कृष्ण-स्वरूप से कृष्ण तथा उनके समस्त परिकरों को समझना चाहिये। इसमें गोपियाँ भी सम्मिलित हैं। [इस प्रकार भाव का स्वाभाविक कार्य कृष्ण, उनके परिकरों] तथा कृष्णलीला के स्वरूप को प्रकाशित करना है। [उत्त्पत्ति भेद से भाव] दो प्रकार का होता है— (1) साधनाभिनिवेशज तथा (2) कृष्ण एवं कृष्णभक्त प्रसादज

साधनाभिनिवेशज किसको कहते हैं? महत्-सङ्ग से [जीव भगवद्भक्ति के साधन में प्रवृत्त होता है।] यदि कोई रसिक एवं तत्त्वज्ञ भक्त हो, तो ऐसे भक्तों के सङ्ग को महत्-सङ्ग कहते हैं। उनके सङ्ग से जीव शुद्धभक्ति के साधन में प्रवृत्त होता है। उनके सङ्ग और उपदेशों के बिना कोई भी व्यक्ति [वास्तविक] भगवद्भक्ति में प्रवृत्त नहीं हो सकता। यदि कोई ऐसा करता हुआ दिखायी भी देता है, तो [वह वास्तविक भक्ति न होकर] व्यभिचार होता है।

यदि किसी व्यक्ति में साधु-सङ्ग के बिना ही [भक्ति में प्रवृति] दिखायी दे और यहाँ तक कि उनमें रोमाञ्च, अश्रुपात आदि भाव दिखायी दें, तो वे [वास्तविक भाव नहीं, बल्कि] नकली अथवा कुछ क्षण के लिए [अर्थात् क्षणिक विकार] होते हैं। ये भक्ति के विरोधी हैं। वास्तव में साधुओं के सङ्ग में ही उनकी कृपा से स्वाभाविक रीति से ऐसी शक्ति साधक के हृदय में सञ्चारित हो सकती है।

तो महत्-सङ्ग से जीव भगवद्भक्ति के साधन में प्रवृत्त होता है तथा उसमें रुचि उत्पन्न होती है, अर्थात् कृष्ण-सेवा करने की वासना [जाग्रत होती है।] यह रुचि [केवल एक विषय में नहीं, बल्कि] सभी प्रकार की भक्ति-सेवाओं में [उत्पन्न होती है]—हरिकथा-श्रवण, भगवत्-सेवा, गुरु-सेवा, वैष्णव-सेवा आदि सभी में। इसके पश्चात् भगवान् के प्रति आसक्ति [उत्पन्न होती है] और अन्त में भाव की प्राप्ति होती है। [इस प्रकार साधन करते-करते जब भाव की प्राप्ति होती है, तो उसे] साधनाभिनिवेशज-भाव कहते हैं। इसमें साधन के माध्यम से भगवान की ओर चला जाता है।

[अब दूसरा प्रकार है—कृष्ण-प्रसादज अथवा कृष्णभक्त-प्रसादज-भाव।]

यदि किसी व्यक्ति के हृदय में बिना किसी साधन के अकस्मात् [भाव-]भक्ति उत्पन्न हो जाये, तो उसे श्रीकृष्ण-प्रसादज भाव अथवा श्रीकृष्णभक्त-प्रसादज-भाव कहते हैं।

[उदाहरण के लिए,] बिल्वमङ्गल [ठाकुरजी का चरित्र देखिये। वे पहले एक] महा-वैश्यासक्त व्यक्ति थे। [बाद में उनके जीवन में ऐसा परिवर्तन हुआ कि उनके हृदय में श्रीकृष्ण के प्रति प्रगाढ़ अनुराग उत्पन्न हो गया और] उनमें अश्रुपात आदि अष्ट-सात्त्विकभाव प्रकट होने लगे। यह क्या वस्तु है? यह कृष्ण की कृपा है। इसे कृष्ण-प्रसादज-भाव अथवा कृष्णभक्त-प्रसादज-भाव कहते हैं।

भगवान् श्रीकृष्ण और उनके भक्तों की कृपा के बिना ऐसी रति उत्पन्न नहीं हो सकती। साधारण रूप से साधनाभिनिवेशज-भाव ही उत्पन्न होता है। अर्थात् साधन करते-करते कृष्ण अथवा वैष्णवों की कृपा से [भाव की प्राप्ति] होती है। [इसके विपरीत,] वैसा प्रेम अर्थात् प्रसादज-भाव अत्यन्त दुर्लभ (rare) है, बहुत कम है, जिसमें [भगवान् अथवा उनके भक्तों की विशेष] कृपा से बिना साधन-भजन के ही [भाव उत्पन्न] हो जाता है।

इसके उदाहरण भी देखे जा सकते हैं। यमलार्जुन—अर्थात् नलकूबर और मणिग्रीव, जो दोनों भाई थे। उन्होंने ऐसा कौनसा साधन-भजन किया था? जब कृष्ण ने [उनका उद्धार करते हुए] उन्हें स्पर्श किया, तो उनके हृदय में भाव उत्पन्न हो गया। केवल भाव ही उत्पन्न नहीं हुआ, बल्कि आगे हम देखते हैं कि उन्‍होंने प्रेमभक्ति लाभ की और?

श्रीपाद माधव महाराज: व्रज में जाकर परिकर बन गये।

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: परिकर बन गये।

यह कैसे हुआ? उन्होंने कौनसा साधन-भजन किया था? [उनके जीवन में तो ऐसा] कोई साधन दिखायी नहीं देता। फिर यह किसकी कृपा से हुआ? यह अहेतुकी कृपा है। यह भक्त की कृपा से हुआ। किस भक्त की कृपा से हुआ? नारदजी की। नारदजी जैसे भक्त हों अथवा उनके आनुगत्य में चलनेवाले भक्त हों—जैसे श्रील रूप गोस्वामी, श्रील सनातन गोस्वामी, [इसी परम्परा में उनके अनुगामी] भक्त, जैसे श्रील भक्तिविनोद ठाकुर और श्रील प्रभुपाद आदि। ऐसे महापुरुषों की कृपा हो जाये…

भक्त: माथुर ब्राह्मण

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: हाँ, उनके ऊपर। माथुर ब्राह्मणी?

श्रीपाद माधव महाराज: माथुर ब्राह्मण जनशर्मा पर गोपकुमार ने कृपा की।

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: ऐसे ही कुछ [उदाहरण] शास्त्रों में इधर-उधर देखे जा सकते हैं। किन्तु महत्-पुरुषों की कृपा, भगवान् की कृपा अथवा भक्तों की कृपा पर अधिक निर्भर मत रहो कि वे कब कृपा करेंगे। तुम अपना साधन करते चलो और हृदय से साधन करो। साधन करते-करते यदि बीच में किसीके हृदय में कोई कामना रह जाये, सांसारिक भोग-वासना बनी रहे, तो यह बहुत बड़ी गड़बड़ी है। ऐसा नहीं रहना चाहिये। साधन-भजन करने से हृदय में काम-वासनारूपी हृद्रोग नहीं रह सकता। ऐसा होना [हृद्रोग रहना] असम्भव है। मैं तो कहता हूँ कि निष्ठा आने पर ही ये सब [अनर्थ] दूर हो जाते हैं। इसलिये बहुत सावधान रहकर साधन-भजन करो और साथ ही भगवान् की कृपा के लिए प्रार्थना करते रहो। जैसे श्रीरूप गोस्वामी, श्रीरघुनाथदास गोस्वामी, श्रीविश्वनाथ चक्रवर्ती ठाकुर और श्रीकृष्णदास कविराज गोस्वामी आदि [महापुरुषों ने भगवान् से] प्रार्थनाएँ की हैं, [उसी प्रकार तुम भी प्रार्थना करो।]

श्रीकृष्ण-प्रसादज-भाव कैसे प्राप्त होगा? जब स्वयं कृष्ण वरदान दे दें। किसको वरदान दिया? कृष्ण ने नलकूबर [और मणिग्रीव] को वरदान दिया कि तुम्हारे [हृदय में] यह भाव उत्पन्न हो जाये। [इस प्रकार कृष्ण के वरदान से भी भाव प्राप्त हो सकता है।] यह कृष्ण-प्रसादज भाव कृष्ण के दर्शन से भी हो सकता है अथवा भगवान् की कृपा से अन्तःकरण में स्फूर्ति से प्राप्त होता है। [इस प्रकार श्रीकृष्ण-प्रसादज-भाव] इन तीन रूपों से प्रकट होता है—[श्रीकृष्ण के वरदान, दर्शन अथवा अन्‍तःकरण में स्फूर्ति द्वारा।]

कृष्ण ने वरदान दिया कि जाओ, तुम्हें प्रेम प्राप्त हो जाये। इसमें साधन-भजन की कोई आवश्यकता नहीं रहती। किसीने कृष्ण का दर्शन कर लिया—अमोघ दर्शन! जिस प्रकार से भी कृष्ण का दर्शन हो जाये, उससे प्रेम की प्राप्ति अवश्य होती है। कृष्ण शिक्षागुरु के रूप में अपनी कृपा से साधक के अन्तःकरण में स्फूर्ति कराते हैं।

आन्‍तर-प्रसाद का उदाहरण श्रील शुकदेव गोस्वामी हैं। [कृष्ण ने उनपर] कैसे कृपा की? शुकदेव गोस्वामी तो व्यासदेवजी की कृपा होने से पहले ब्रह्मवादी ऋषि थे। श्रीमद्भागवत में ही लिखा गया है—‘परिनिष्ठितोऽपि नैर्गुण्ये’ [#1], अर्थात् वे निर्गुण-ब्रह्म में भली-भाँति परिनिष्ठित थे। [किन्तु बाद में वे इतने बड़े] रसिक हो गये कि उन्होंने श्रीमद्भागवत की कथा कही। उनकी कथा को नारद ऋषि, व्यासदेवजी, पराशर मुनि आदि अनेक महापुरुष सुन रहे हैं। [उन्हीं श्रील शुकदेव गोस्वामी के माध्यम से यह श्रीमद्भागवत] हम लोगों तक भी पहुँची है। इसलिये शुकदेव गोस्वामी [आन्‍तर-प्रसादज का उदाहरण हैं।] इन्‍हें भक्त और भगवान् दोनों की कृपा से प्रसादज-भाव प्राप्त हुआ।

महाप्रभुजी के अवतार में ये तीनों प्रकार के प्रसादज भाव—वरदान, दर्शन और अन्तःकरण में स्फूर्ति—तीनों ही दिखायी देते हैं। महाप्रभुजी के दर्शनमात्र से ही असंख्य लोगों के हृदय में भावोदय हो गया। दूर दरशने… क्या है?

श्रीपाद माधव महाराज:
एमन कृपालु नाहि शुनि त्रिभुवने।
कृष्णप्रेमा हय याँर दूर दरशने॥
-श्रीचैतन्यचरितामृत मध्यलीला (16.121)

[महाप्रभु जैसा कृपालु त्रिभुवन में कोई भी नहीं सुना जाता है, जिनके दूर से दर्शन करने मात्र से ही कृष्णप्रेम उदित हो जाता है।] IGVP

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: ‘दूर-दरशने’—अर्थात् दूर से ही दर्शन करने [मात्र से प्रेम उदित हो गया।] बाघ-भालू को प्रेम हो गया, पेड़-पौधों को प्रेम हो गया, [यहाँ तक कि] हिंसक जन्तुओं के हृदय में भी प्रेम उत्पन्न हो गया। सभी पशु-पक्षी प्रेम से गद्गद हो गये। फिर मनुष्यों की तो बात ही क्या!

जगाई और माधाई ने वरदान [के माध्यम से भाव] प्राप्त किया। उन पर पहले नित्यानन्द प्रभु की कृपा हुई और उसके ऊपर महाप्रभुजी की कृपा हुई। और जीव गोस्वामीजी ने आन्‍तर-प्रसादज भाव प्राप्त किया था। किसकी [कृपा से?]

श्रीपाद माधव महाराज: नित्यानन्द प्रभु [की कृपा से।]

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: नित्यानन्द प्रभुजी की कृपा से और फिर महाप्रभु की भी कृपा [प्राप्त हुई थी।]

श्रीकृष्णभक्त-प्रसादज भाव की प्राप्ति—नारदमुनि की कृपा से ध्रुव और प्रह्लाद को भी बाद में भगवद्भाव प्राप्त हुआ था। श्रीरूप गोस्वामी, श्रीसनातन गोस्वामी आदि पार्षदों की कृपा से असंख्य लोगों के हृदय में भक्ति के भाव पैदा हुए थे।

Explain…

इसी प्रकार साधन-भजन करो। अपने मन को इधर-उधर मत ले जाओ। यहाँ तुम्हें विवाह-शादी करने के लिए नहीं बुलाया है। यह विवाह का स्थल नहीं है, भाई! मैं बार-बार यही बात कहता हूँ।

This is not a place to select a husband or wife. This is not that place. You should try to follow our upadeśa and try to become like that.

[42:32-52:12 तक किसी भक्त द्वारा अंग्रेजी भाषा में अनुवाद…]

श्रील नारायण गोस्वामी महाराज: आज यहीं तक रहेगा।

-------------------------------------------------------------

समाप्ति-नोट्स (Endnotes)

#1
परिनिष्ठितोऽपि नैर्गुण्ये उत्तमश्लोकलीलया।
गृहीतचेता राजर्षे आख्यानं यदधीतवान्॥
श्रीमद्भागवतम् (2.1.9)

हे राजर्षे! मेरा चित्त निर्गुण-ब्रह्म में विशेष भाव से मग्न रहता था, तथापि उत्तमश्लोक श्रीभगवान् की लीलाओं के द्वारा मेरा चित्त आकर्षित हो उठा और मैंने इस आख्यान का अध्ययन किया। (GVP)

We have endeavoured to do this transcript to our best capacity, but surely we can make mistakes. So we welcome any feedback for further improvement.
Please provide a feedback on this transcript or reach us for general feedback.